हल्द्वानी, 30 मई। सुशीला तिवारी चिकित्सालय के आसपास संचालित मेडिकल स्टोरों में अनियमितताओं की शिकायतों के मद्देनज़र प्रशासन ने शुक्रवार को औचक निरीक्षण अभियान चलाया। उपजिलाधिकारी हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी तथा औषधि एवं चिकित्सा विभाग की संयुक्त टीम ने क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों की जांच कर आवश्यक अभिलेखों और व्यवस्थाओं का सत्यापन किया।

निरीक्षण के दौरान शुभ मेडिकल स्टोर एवं रेहमान मेडिकल स्टोर की जांच की गई। जांच में रेहमान मेडिकल स्टोर पर कई गंभीर कमियां सामने आईं। यहां प्रिस्क्रिप्शन फाइल एवं रजिस्टर उपलब्ध नहीं पाए गए, सीसीटीवी कैमरे स्थापित नहीं थे तथा आवश्यक अभिलेख भी अपूर्ण मिले। इसके अलावा निरीक्षण के समय फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति भी पाई गई।

अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने मौके पर ही प्रतिष्ठान के औषधि क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगा दी। संयुक्त निरीक्षण दल ने दोनों मेडिकल स्टोरों में दवाओं के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों, नियंत्रित औषधियों के रख-रखाव, लाइसेंस दस्तावेजों तथा औषधि विक्रय से जुड़े अन्य वैधानिक प्रावधानों की विस्तृत जांच की।

निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को लेकर संबंधित संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। उन्हें निर्धारित समयावधि के भीतर सभी अभिलेख अद्यतन करने तथा कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य से जुड़े प्रतिष्ठानों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। औषधियों का विक्रय केवल निर्धारित मानकों और वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप ही किया जाना आवश्यक है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






