
राजकीय प्राथमिक विद्यालय दुत्कानेधार का वार्षिक महोत्सव धूमधाम से संपन्न, बच्चों की प्रस्तुतियों ने जीता दिल
रिपोर्टर : नाज़िम अहमद
संपादक : मोनिश अहमद
स्थान : रामगढ़/भीमताल
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास खंड रामगढ़ अंतर्गत ग्राम दुत्कानेधार स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय का वार्षिक महोत्सव बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौरान अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों ने विभिन्न गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के विकास के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। वार्षिक महोत्सव का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।








