नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में ईको-टूरिज्म सफारी का शुभारंभ, सांसद अजय भट्ट ने दिखाई हरी झंडी

हल्द्वानी। नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने रविवार, 1 नवंबर 2026 को हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के चोरगलिया गेट पर पर्यटन सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद ने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
कार्यक्रम में गोलापार और चोरगलिया क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों, नेचर गाइड, सफारी वाहन संचालकों और वन विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी रही।

इस अवसर पर उप प्रभागीय वनाधिकारी गणेश दत्त जोशी ने नंधौर अभयारण्य में ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन विभाग द्वारा अधिक से अधिक सफारी वाहनों और नेचर गाइडों का पंजीकरण, अभयारण्य की समर्पित वेबसाइट तैयार करने, नए ईको-टूरिज्म ट्रेल विकसित करने और क्षेत्र की जैव विविधता एवं पक्षी प्रजातियों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

प्रभागीय वनाधिकारी उमेश चन्द्र तिवारी ने बताया कि नंधौर वन्यजीव अभयारण्य जैव विविधता और प्राकृतिक संपदा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यहां बाघ, हाथी, तेंदुआ, भालू, सांभर, घुरल, मोर सहित कई वन्यजीवों और दुर्लभ पक्षियों का प्राकृतिक आवास है। उन्होंने कहा कि ईको-टूरिज्म का उद्देश्य वन्यजीवों का संरक्षण करने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना भी है।

सांसद अजय भट्ट ने वन विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। यहां प्राकृतिक सुंदरता और पक्षियों की विविधता पर्यटकों को आकर्षित कर सकती है। उन्होंने सफारी मार्गों की मरम्मत और रखरखाव का कार्य पर्यटन सत्र शुरू होने से पहले पूरा करने के लिए वन विभाग की प्रशंसा की।

सांसद ने आश्वासन दिया कि नंधौर अभयारण्य के विकास, ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं, नेचर गाइड तथा सफारी वाहन संचालकों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने को हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पर्यटन गतिविधियां पर्यावरण संतुलन और वन्यजीवों की सुरक्षा के निर्धारित नियमों के अनुसार ही संचालित होनी चाहिए।

40 नेचर गाइड और 21 सफारी वाहन पंजीकृत
वन विभाग के अनुसार वर्तमान में हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत 40 पंजीकृत नेचर गाइड और 21 पंजीकृत सफारी वाहन पर्यटन गतिविधियों से सीधे जुड़े हैं। इनके अलावा कई स्थानीय नागरिक और व्यवसायी भी अप्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। विभाग का लक्ष्य नंधौर को एक प्रमुख प्रकृति एवं वन्यजीव पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम के अंत में सांसद अजय भट्ट और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सफारी भ्रमण कर अभयारण्य की प्राकृतिक सुंदरता और वन संपदा का अवलोकन किया।
इस दौरान नैनीताल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष राजेंद्र रूख्मी, जिला पंचायत सदस्य अर्जुन बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता पवन सिंह नेगी, मनोज खत्री सहित कई जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, नेचर गाइड, सफारी चालक, वन अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड पर बने रहिए, उत्तराखंड की हर बड़ी खबर के लिए।






