कर्तव्य पथ पर तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का निधन, राजकीय सम्मान के साथ होगी अंतिम विदाई

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने परिजनों को बंधाया ढांढस, तत्काल सहायता राशि प्रदान कर हरसंभव सहयोग का दिया भरोसा

हल्द्वानी, 31 मई।
जनपद नैनीताल पुलिस में उस समय शोक की लहर दौड़ गई जब पुलिस लाइन की परिवहन शाखा में तैनात मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद का ड्यूटी के दौरान अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया। बताया गया कि उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था, जिसके चलते उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद के निधन की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई। रविवार को हल्द्वानी स्थित मोर्चरी पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग इस कठिन समय में परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने कहा कि दिवंगत कर्मी के आश्रितों को विभागीय सहायता एवं सभी देयकों का भुगतान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। साथ ही अंतिम संस्कार के लिए तत्काल आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दिवंगत मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बाजपुर ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें पुलिस नियमों के अनुसार गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी, प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी सहित अनेक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

35 वर्षों का गौरवपूर्ण सेवाकाल

मुख्य आरक्षी चालक टेक चंद ने लगभग 35 वर्षों तक उत्तराखंड पुलिस में निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। उनका जन्म 5 जनवरी 1972 को हुआ था तथा 2 अप्रैल 1991 को पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। उन्होंने 09 पीएसी मुरादाबाद, 31 पीएसी रुद्रपुर, अल्मोड़ा तथा वर्ष 2008 से नैनीताल जनपद में विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। वर्तमान में वह पुलिस लाइन नैनीताल की परिवहन शाखा में तैनात थे।

नैनीताल पुलिस ने अपने इस कर्तव्यनिष्ठ और जांबाज साथी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी सेवाओं को सदैव याद रखा जाएगा।

Leave a Comment