नैनीताल पुलिस का जागरूकता अभियान: NCC कैम्प में 600 युवाओं को नशा मुक्ति और बाल अपराधों के प्रति किया जागरूक

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

नैनीताल पुलिस द्वारा युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत रानीबाग स्थित एनसीसी कैम्प में सैकड़ों कैडेट्स को महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।


सीओ नैनीताल-हल्द्वानी एवं नोडल अधिकारी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) हल्द्वानी द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रभारी AHTU एवं महिला समाधान केन्द्र की उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 78 UK BN NCC HALDWANI के रानीबाग स्थित एनसीसी कैम्प में पहुंचकर लगभग 550 से 600 छात्र-छात्राओं और कैडेट्स को जागरूक किया।


कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित कानूनी जानकारी साझा करते हुए युवाओं को सुरक्षित रहने और अपराधों की रोकथाम के उपाय बताए। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। युवाओं को सही दिशा में प्रेरित करना पुलिस की प्राथमिकता है।


इसके अलावा कैडेट्स को आपातकालीन सहायता और शिकायतों के लिए पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1098 और 1930 की जानकारी भी दी गई।


इस जागरूकता अभियान में उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, हेड कांस्टेबल प्रहलाद रावत, महिला कांस्टेबल रेनू अधिकारी और कांस्टेबल गोविन्द मेहरा मौजूद रहे।

Leave a Comment