
17 देशों के शिक्षा विशेषज्ञों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व, वैश्विक सहयोग पर हुई अहम चर्चा
हल्द्वानी। एमआईईटी कुमाऊं ने रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय “यूरेशियन नेटवर्क ऑफ यूनिवर्सिटीज सम्मेलन” में भाग लेकर भारत और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया। यह सम्मेलन Astrakhan Tatishchev State University द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें दुनिया के 17 देशों के विश्वविद्यालयों और शिक्षा विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

सम्मेलन में एमआईईटी कुमाऊं के वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल एवं प्लेसमेंट निदेशक आकांक्षा अग्रवाल का विशेष स्वागत और सम्मान किया गया। भारत की ओर से उनकी भागीदारी को सम्मेलन में महत्वपूर्ण माना गया।
इस दौरान पुनीत अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्र विनिमय कार्यक्रम, संयुक्त शोध, नई तकनीक और शिक्षा के क्षेत्र में देशों के बीच मजबूत संबंध विकसित करने पर जोर दिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए डॉ. इगोर अलेक्सेयेव ने बताया कि इस आयोजन में भारत, तुर्कमेनिस्तान, किर्गिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान और बेलारूस सहित 17 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान अंतरराष्ट्रीय शिक्षा, संयुक्त शोध परियोजनाओं, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सहयोग तथा विद्यार्थियों के लिए वैश्विक अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। सम्मेलन में एमआईईटी कुमाऊं की सक्रिय भागीदारी को सभी प्रतिभागियों ने सराहा।







