बकरीद पर्व को लेकर नैनीताल पुलिस-प्रशासन सतर्क, विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित हुई पीस कमेटी बैठक

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

स्थान : हल्द्वानी / नैनीताल
आगामी बकरीद ईद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद नैनीताल में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पीस कमेटी बैठकों का आयोजन किया गया।


सोमवार को थाना मल्लीताल, भवाली, लालकुआं, बनभूलपुरा, हल्द्वानी, काठगोदाम एवं मुखानी क्षेत्रों में गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों तथा विभिन्न समुदायों के लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन कोतवाली मल्लीताल, भवाली परिसर एवं कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में किया गया।


बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी द्वारा संयुक्त रूप से की गई। इस दौरान नगर आयुक्त हल्द्वानी एवं सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी भी मौजूद रहे।


बैठक में सभी लोगों से बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की चेतावनी भी दी गई।


बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था, सुरक्षा, पार्किंग, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस गश्त, साफ-सफाई एवं विद्युत व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। नगर निगम अधिकारियों को नालियों की साफ-सफाई शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। वहीं कुर्बानी स्थलों पर पानी के टैंकर, सफाई कर्मियों एवं वाहनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।


प्रशासन ने स्पष्ट किया कि चिन्हित 12 स्थानों पर ही कुर्बानी की अनुमति होगी। साथ ही कुर्बानी के अवशेषों को खुले में न छोड़ने तथा निर्धारित स्थानों पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। आमजन से अपील की गई कि कुर्बानी से जुड़े फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने अथवा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, निरीक्षक अभिसूचना नैनीताल, विभिन्न कोतवाली प्रभारी, थाना अध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, धर्मगुरु एवं व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

 

Leave a Comment