हल्द्वानी में मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो को नोटिस, एक केंद्र बंद

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी, 08 मई 2026। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शुक्रवार को हल्द्वानी क्षेत्र में संचालित मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक राय एवं सम्भागीय परिवहन अधिकारी गुरूदेव सिंह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।


निरीक्षण के दौरान कई संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों ने पाया कि कुछ ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों में पर्याप्त संसाधन, उपकरण एवं पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के बावजूद प्रशिक्षण प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे थे।


अधिकारियों ने देव भूमि मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल एवं कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया। जांच में देव भूमि एवं जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए गए।


वहीं निर्मल मोटर ट्रेनिंग स्कूल का पंजीकरण रामनगर में होने के बावजूद हल्द्वानी के आरटीओ रोड पर संचालन किया जा रहा था। मामले को गंभीर मानते हुए विभागीय कार्रवाई के तहत प्रशिक्षण केंद्र को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक इन संस्थानों में आवश्यक संसाधन, पार्किंग व्यवस्था एवं उपकरण उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक उनका संचालन बंद रहेगा।


निरीक्षण के दौरान कुमाऊं मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जांच में यह भी सामने आया कि देव भूमि एवं जय दुर्गा मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों के ऑनलाइन पोर्टल संचालित नहीं थे। वहीं ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण के नाम पर फीस जमा कराने की शिकायत पर जांच की गई, जिसमें संबंधित संस्थान का लाइसेंस निरस्त पाया गया

शिकायतकर्ता के 1100 रुपये भी वापस कराए गए।
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने आमजन से अपील की कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्य सीधे आरटीओ कार्यालय के माध्यम से ही कराएं, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी एवं अनियमितता से बचा जा सके।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी हल्द्वानी प्रमोद कुमार, एआरटीओ ए.के. सिंह, तहसीलदार कुलदीप पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment