
हल्द्वानी। चम्पावत में नाबालिग के साथ हुए दुष्कर्म मामले को लेकर उत्तराखंड युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को हल्द्वानी में जोरदार प्रदर्शन किया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी जिला अध्यक्ष सुमित कुमार के नेतृत्व में बुध पार्क स्थित तिकोनिया चौराहे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुतला दहन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विफल रहने का आरोप लगाया। इस मौके पर हल्द्वानी जिला अध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी अंकिता भंडारी जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन सरकार अपराधों पर अंकुश लगाने में असफल साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश की महिलाओं को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उत्तराखंड युवा कांग्रेस लगातार आंदोलन करती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत साहू, प्रदेश महासचिव दिग्विजय सिंह चौहान, प्रदेश महासचिव स्वाति जोशी, प्रदेश महासचिव भानु कावड़वाल, प्रदेश महासचिव प्रीति आर्य, जिला महासचिव मनदीप गुजराल, जिला महासचिव अमन कुरैशी, ब्लॉक अध्यक्ष उमेश जोशी, छात्र नेता कमल बोरा, छात्र नेता मेहुल शाह, अक्षत पाठक, मयंक गोस्वामी सहित कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।








