
भीमताल (नैनीताल)
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक में लंबे समय से खराब पड़े दो महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए सरकार ने 1 करोड़ 56 लाख रुपये की स्वीकृति दे दी है। इस फैसले से क्षेत्र के ग्रामीणों और किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

जानकारी के अनुसार, सुरमाने बैंड से मल्ला गहना मोटर मार्ग तथा शीतला से छतोला मोटर मार्ग की हालत काफी खराब थी। खासकर बरसात के दिनों में इन सड़कों पर कीचड़ और गड्ढों के कारण आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। कई बार वाहन फंस जाते थे, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

स्थानीय लोगों की मांग पर क्षेत्रीय विधायक व मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। अब शासन स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
मंत्री कैड़ा ने बताया कि जल्द ही दोनों मोटर मार्गों पर डामरीकरण और सुधार कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार का कार्य लगातार जारी है।

क्षेत्र की जनता ने इस स्वीकृति के लिए मंत्री का आभार व्यक्त किया है। मंत्री कैड़ा ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।








