हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड बैठक | 16 प्रस्ताव पास, अवैध वसूली पर सख्त रुख

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम की बोर्ड बैठक में आज कई अहम फैसले लिए गए। महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कुल 16 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, यूजर चार्ज, बजट और गैस वितरण जैसी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के दौरान पार्षदों ने शिकायत की कि कुछ पर्यावरण मित्र सफाई के नाम पर अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं और अधिकृत व्यवस्था के अलावा भी यूजर चार्ज लिया जा रहा है। इस पर महापौर ने साफ निर्देश दिए कि आम जनता केवल अधिकृत बैनी सेना को ही भुगतान करे और उसकी रसीद अवश्य ले। साथ ही चेतावनी दी गई कि अवैध वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में यह मुद्दा भी सामने आया कि कुछ सफाई कर्मचारी बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कार्यस्थल से गायब हो जाते हैं। इस पर बोर्ड ने बड़ा फैसला लेते हुए तय किया कि अब कर्मचारियों का वेतन तभी जारी होगा, जब संबंधित क्षेत्र के पार्षद उनकी उपस्थिति प्रमाणित करेंगे।


महापौर ने शहर की सफाई व्यवस्था को सुधारने के लिए अधिकारियों को एक महीने का समय दिया है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर घर तक कूड़ा वाहन की नियमित पहुंच सुनिश्चित की जाए और कहीं भी अव्यवस्था मिलने पर तुरंत कार्रवाई हो।


(बजट):
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के 216 करोड़ रुपये के प्रस्तावित बजट पर भी चर्चा हुई। बजट में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं—
राजपुरा में सार्वजनिक शौचालय का निर्माण
नगर निगम की दुकानों के किराए में बढ़ोतरी
फ्रेश वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट की स्थापना
जजी कोर्ट के पास आंचल मिल्क कैफे खोलना
यूजर चार्ज में वृद्धि
10 हजार आवारा कुत्तों का बंध्याकरण और JCB मशीन की खरीद

इसके अलावा पार्षदों ने इंडियन गैस वितरण में आ रही समस्याओं को भी उठाया। महापौर ने गैस एजेंसी के प्रतिनिधि को तलब कर जल्द समाधान के निर्देश दिए।

नगर निगम की इस बैठक में लिए गए फैसलों का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं पर देखने को मिलेगा। अब देखना होगा कि ये फैसले जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से लागू होते हैं।

Leave a Comment