आँचल दुग्ध संघ ने 20 लाभार्थियों को बांटे ₹2.98 लाख के सहायता चैक

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

लालकुआं | रिपोर्ट – रॉयल न्यूज उत्तराखंड
नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने एक सराहनीय पहल करते हुए दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और दुग्ध समितियों से जुड़े कर्मचारियों को आर्थिक सहायता प्रदान की। संघ के प्रशासनिक भवन में आयोजित कार्यक्रम में अध्यक्ष मुकेश बोरा के नेतृत्व में 20 लाभार्थियों को कुल ₹2 लाख 98 हजार की सहायता राशि के चैक वितरित किए गए।


यह आर्थिक मदद उन लोगों को दी गई, जो आकस्मिक घटनाओं, गंभीर बीमारियों या पशुधन की क्षति जैसी कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे हैं। हाल ही में गौशाला में भीषण अग्निकांड के चलते 10 पशुओं की मौत, गुलदार के हमले और अन्य कारणों से पशुधन हानि झेलने वाले पशुपालकों को राहत दी गई। इसके अलावा गंभीर बीमारी से जूझ रहे 7 दुग्ध उत्पादकों को भी सहायता प्रदान की गई।


संघ द्वारा लाभार्थियों को ₹25 हजार, ₹21 हजार, ₹15 हजार, ₹12 हजार और ₹10 हजार तक के चैक वितरित किए गए। सहायता पाकर लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ नजर आया। कई परिवारों ने कहा कि मुश्किल समय में मिली यह मदद उनके लिए बड़ी राहत साबित हुई है।


इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ अपने सभी दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के प्रति पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी किसी भी आपदा या संकट की स्थिति में संघ प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।


कार्यक्रम में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठानी, पी एंड आई सुभाष बाबू, प्रभारी एफओ शांति कोरंगा, प्रभारी यातायात पूरन चंद्र मिश्रा, प्रभारी अभियंत्रण राजेंद्र प्रसाद सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक, पशुपालक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment