ऊधमसिंहनगर जनपद के थाना आईटीआई क्षेत्र निवासी श्री सुखवंत सिंह द्वारा नैनीताल जनपद के काठगोदाम थाना क्षेत्र अंतर्गत एक होटल में आत्महत्या किए जाने के मामले में राज्य सरकार ने निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं।

यह घटना 10 जनवरी 2026 की रात्रि की है, जब सुखवंत सिंह अपनी पत्नी और पुत्र के साथ होटल में ठहरे हुए थे।
घटना से पूर्व सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में मृतक ने कुछ व्यक्तियों के साथ-साथ जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए थे। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तराखंड शासन ने आयुक्त कुमाऊँ मंडल, नैनीताल को इस पूरे प्रकरण की मजिस्ट्रियल जांच का जिम्मा सौंपा है।

शासन ने जांच अधिकारी को निर्देशित किया है कि आत्महत्या की घटना एवं वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की गहन व निष्पक्ष जांच कर शीघ्र ही स्पष्ट आख्या शासन को उपलब्ध कराई जाए।

शासन के आदेशों के क्रम में कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने आम जनता से अपील की है कि यदि इस प्रकरण से संबंधित किसी व्यक्ति के पास कोई भी जानकारी, साक्ष्य या तथ्य उपलब्ध हों, तो वे किसी भी कार्य दिवस में आयुक्त कार्यालय में उपस्थित होकर जानकारी दे सकते हैं। इसके अलावा दूरभाष नंबर 05942-235750 (नैनीताल), 05946-225589 (हल्द्वानी) अथवा ईमेल comm-kum-ua@nic.in के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।







