
हल्द्वानी।
माननीय राज्यपाल उत्तराखंड के 12 जनवरी 2026 को प्रस्तावित हल्द्वानी भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं यातायात अधिकारियों को सुदृढ़ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
इसी क्रम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र द्वारा कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में वीआईपी ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों की ब्रीफिंग की गई।

ब्रीफिंग के दौरान पुलिस कर्मियों को वीआईपी प्रोग्राम मानकों के अनुरूप व्यापक सुरक्षा इंतजाम करने, आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा चेकिंग, फ्रिस्किंग और एक्सेस कंट्रोल को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही पुलिसकर्मियों को सतर्क रहते हुए शालीनता एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निर्वहन करने पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।







