आँचल दुग्ध संघ की समीक्षा बैठक में विपणन व्यवस्था व कोल्ड चैन सुदृढ़ करने पर जोर

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

लालकुआँ।
नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों, मार्ग प्रभारियों और डिपो प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में उपनिदेशक संजय उपाध्याय की उपस्थिति में दुग्ध गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन प्रणाली और कोल्ड चैन को और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तृत मंथन हुआ।

बैठक का मुख्य उद्देश्य दुग्ध विक्रय एवं विपणन व्यवस्था को अधिक गतिशील, पारदर्शी और प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान विक्रेताओं और उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जा सकें। उपभोक्ताओं से अधिक संपर्क बढ़ाने, लैक्टोमीटर व एडल्टरेशन किट का वितरण करने तथा दुग्ध गुणवत्ता से संबंधित जानकारी देने के निर्देश भी जारी किए गए।


दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि आँचल दुग्ध संघ की प्राथमिकता विक्रेताओं और उपभोक्ताओं के हितों का संतुलन बनाए रखना है। गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा और दुग्ध व दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति को पारदर्शी और समयबद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने फील्ड स्तर पर अनुशासन और आपसी समन्वय को संघ की मजबूती के लिए आवश्यक बताया।

उपनिदेशक संजय उपाध्याय ने क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को मार्गों का नियमित निरीक्षण करने तथा परिवहन व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं और उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, जिससे संघ की कार्यप्रणाली पर विश्वास बना रहे।

बैठक में दुग्ध गुणवत्ता जांच प्रणाली को और सुदृढ़ करने, संघ की सदस्यता बढ़ाने तथा दुग्ध आपूर्ति में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास करने पर सहमति बनी। साथ ही संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और फील्ड स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, विपणन अधीक्षक विजय सिंह चौहान, विपिन तिवारी, हेमन्त पाल, जितेंद्र खोलिया, चन्द्र प्रकाश जोशी, महेश पांडे, कुलदीप रैकवाल, लोकेश शर्मा, मनोज कुमार, सुदर्शन, पारस, सुमित तिवारी, सुमित पांडे समेत अन्य अधिकारी और विपणन प्रभारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment