ड्रग्स फ्री देवभूमि की दिशा में नैनीताल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 82 लाख से अधिक की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी।
माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन को साकार करने की दिशा में नैनीताल पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के कड़े निर्देशों पर जनपद में मादक पदार्थों की बिक्री व तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत काठगोदाम थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।

पुलिस अधीक्षक नगर हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लालकुआं श्रीमती दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार दिनांक 06 जनवरी 2026 को काठगोदाम क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और मादक पदार्थों की तस्करी पर नियंत्रण हेतु विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान कुंवरपुर गौला पुल बाईपास रोड के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK18R 6945 को रोका गया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति के कब्जे से 275 ग्राम स्मैक बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 82 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मंजीत सिंह पुत्र सन्तोक कौर, निवासी टुकड़ी थाना नानकमत्ता, जनपद उधम सिंह नगर, उम्र लगभग 35 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह नानकमत्ता से स्मैक लाकर हल्द्वानी में अधिक मुनाफे पर बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते पकड़ा गया।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में जनपद पिथौरागढ़ में मु0अ0सं0 71/25 एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज है, जिसमें वह जेल भी जा चुका है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दिलीप कुमार, कांस्टेबल भानु प्रताप, कांस्टेबल सुरेन्द्र और कांस्टेबल प्रेम प्रकाश शामिल रहे। नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ड्रग्स फ्री देवभूमि का लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जाएगा।







