जघन्य हत्या का पुलिस ने किया पर्दाफाश, 12 घंटे में पिता-पुत्र सलाखों के पीछे

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में पुलिस का सख्त एक्शन, 12 घंटे में जघन्य हत्या का खुलासा

हल्द्वानी। मानपुर उत्तर क्षेत्र में हुई जघन्य गोलीकांड की घटना में नैनीताल पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी सहित उसके पुत्र सह-आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध व लाइसेंसी असलहे भी बरामद कर लिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 04 जनवरी 2026 की रात्रि कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र के वार्ड संख्या–55 मानपुर उत्तर में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में मृतक के भाई पीयूष लोहनी पुत्र कैलाश चंद्र लोहनी, निवासी जज फार्म मुखानी, हल्द्वानी की तहरीर पर नामजद आरोपी अमित बिष्ट के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 07/2026 धारा 103(1), 352 बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी को मामले के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए। इसके क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल के मार्गदर्शन, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी दीपशिखा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में कई पुलिस टीमें गठित की गईं। साथ ही फॉरेंसिक टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस टीमों ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिसके आधार पर 05 जनवरी 2026 को मात्र 4 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी अमित बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी दो नाली बंदूक भी बरामद की गई। जांच के दौरान आरोपी के पुत्र जय बिष्ट (19 वर्ष) की संलिप्तता भी सामने आई, जिस पर अभियोग में धारा 3(5) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोत्तरी की गई।

इसके बाद पुलिस ने जय बिष्ट को भी बरेली रोड स्थित होंडा शोरूम तिराहे से गिरफ्तार किया। उसकी तलाशी में एक पिस्टल .25 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में सामने आया कि यह पिस्टल उसके पिता अमित बिष्ट की है, जिसे वह बिना लाइसेंस अपने पास रखे हुए था। इस पर जय बिष्ट के खिलाफ अलग से एफआईआर संख्या 08/2026 धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी अमित बिष्ट ने हत्या का कारण पुराना आपसी विवाद बताया है। दोनों आरोपियों को बरामद असलहों सहित 06 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश गया है।

Leave a Comment