हल्द्वानी | 3 जनवरी 2026 (सूवि)
जनपद में सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को हल्द्वानी स्थित कैम्प कार्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिक न हो, बल्कि शिकायतकर्ता से फोन पर वार्ता कर उसकी संतुष्टि सुनिश्चित की जाए।

समीक्षा के दौरान विद्युत, लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, जल संस्थान, नगर निगम, विकास प्राधिकरण, ग्राम्य विकास, राजस्व, पुलिस, शिक्षा, पंचायती राज, खाद्य नागरिक आपूर्ति, श्रम, पर्यटन एवं सहकारिता विभागों में अधिक संख्या में लंबित शिकायतों पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित समाधान किया जाए।

राजस्व विभाग में तहसील स्तर पर लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं तहसीलदारों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निस्तारण किया जाए और स्वयं शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक शिकायतकर्ता संतुष्ट न हो, तब तक शिकायत को निस्तारित न माना जाए।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों के नगर निकायों में प्राप्त शिकायतों की भी नियमित समीक्षा कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, समस्त उपजिलाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








