महिला सुरक्षा को लेकर SSP नैनीताल का सख्त रुख, फेसबुक LIVE पर अभद्रता करने वाला आरोपी हिरासत में
हल्द्वानी | नैनीताल
जनपद नैनीताल में महिला सुरक्षा एवं सम्मान को लेकर पुलिस ने कड़ा संदेश दिया है। फेसबुक पर LIVE वीडियो के माध्यम से गाली-गलौच और राह चलती महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करने वाले व्यक्ति के खिलाफ नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया है।
मामला उस समय सामने आया जब रक्षित शर्मा नामक फेसबुक यूजर द्वारा वाहन चलाते हुए एक LIVE वीडियो प्रसारित किया गया, जिसमें वह खुलेआम अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा था और सार्वजनिक स्थान पर महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक व अश्लील टिप्पणियां कर रहा था। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए महिला सुरक्षा के दृष्टिगत कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के क्रम में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रक्षित शर्मा पुत्र ललित शर्मा, निवासी दमुवाढूगा को हिरासत में लिया। आरोपी के खिलाफ FIR संख्या 04/26, धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है तथा उसे धारा 172 बीएनएस के अंतर्गत पुलिस हिरासत में लिया गया है।
SSP नैनीताल का कड़ा संदेश
SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा कि जनपद नैनीताल पुलिस महिला सुरक्षा और सम्मान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सोशल मीडिया या सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा, अश्लील टिप्पणी या आपत्तिजनक आचरण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ बिना देरी के कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।







