हल्द्वानी | 25 दिसंबर 2025
भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्मदिवस एवं अटल स्मृति वर्ष के अवसर पर नगर निगम परिसर में उनकी जीवन यात्रा पर आधारित भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन सांसद अजय भट्ट, महापौर गजराज बिष्ट एवं भाजपा महामंत्री तरुण बंसल द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने देश में सुशासन की मजबूत नींव रखी, इसी कारण उनके जन्मदिवस को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि अटल जी के अदम्य साहस के कारण ही भारत परमाणु शक्ति बना और विश्व पटल पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा। उन्होंने अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास पहुंचाने के लिए अनेक योजनाएं शुरू कीं, जिन्हें आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक स्वरूप देकर देश को विकास से विकसित राष्ट्र की ओर ले जा रहे हैं।

महापौर गजराज बिष्ट ने कहा कि पूरा उत्तराखंड श्रद्धेय अटल जी का ऋणी है, क्योंकि उनके नेतृत्व में ही राज्य का गठन संभव हो पाया। अटल जी ने अपने कर्म और विचारों से पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी जनता को यह संदेश देती है

कि एक सच्चा राष्ट्रनायक वही होता है, जो निडर होकर विश्व की बड़ी शक्तियों का सामना कर देश को मजबूत बनाता है। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए एक सप्ताह तक नगर निगम परिसर में लगी रहेगी।
भाजपा महामंत्री तरुण बंसल ने बताया कि देशभर के नगर निकायों में इस तरह की प्रदर्शनी लगाने का उद्देश्य अटल जी के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट, प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा महेन्द्र नेगी, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेन्द्र कोश्यारी, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, जिला महामंत्री विनीत अग्रवाल, राज्य मंत्री श्रीमती रेनू अधिकारी, राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिला अध्यक्ष युवा मोर्चा चंदन बिष्ट, पार्षद तनुजा जोशी, बीना चौहान, संजय पाण्डेय, सुरेंद्र मोहन नेगी, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष नन्हे कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







