विजय दिवस पर युद्ध स्मारक में श्रद्धांजलि, SSP नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने वीर शहीदों को किया नमन
हल्द्वानी।
1971 के भारत–पाक युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में आज 16 दिसम्बर 2025 को संपूर्ण देश के साथ जनपद नैनीताल में भी विजय दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। हल्द्वानी स्थित युद्ध स्मारक में आयोजित समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने वीर शहीदों को सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम की पराकाष्ठा का प्रतीक है। 16 दिसम्बर 1971 को हमारे वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर न केवल देश की सीमाओं की रक्षा की, बल्कि मानवीय मूल्यों की रक्षा करते हुए विश्व मानचित्र पर ऐतिहासिक परिवर्तन किया, जिसके परिणामस्वरूप पूर्वी पाकिस्तान स्वतंत्र होकर बांग्लादेश बना। उन्होंने कहा कि देश इन रणबांकुरों के बलिदान पर सदैव गर्व करता रहेगा।

SSP ने समाज की सुरक्षा में सरहदों पर तैनात डिफेंस फोर्सेज के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए नागरिकों से नियमों का पालन कर मेहनत और लगन से कार्य करने का आह्वान किया, ताकि देश की प्रगति और उन्नति सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम का विवरण:
समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक पर 1971 युद्ध में शहीद सैनिकों को पुष्पचक्र अर्पित कर की गई। पुलिस सम्मान गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई तथा शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इसके पश्चात वीरांगनाओं एवं शहीद सैनिकों के आश्रितों को शाल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

उपस्थित गणमान्य:
कार्यक्रम में शहीद सैनिकों के आश्रितों के साथ श्री भगत सिंह कोश्यारी (पूर्व राज्यपाल महाराष्ट्र/पूर्व मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड), श्री गजराज सिंह बिष्ट (महापौर, हल्द्वानी-काठगोदाम), श्री ललित मोहन रयाल (जिलाधिकारी, नैनीताल), श्री परितोष वर्मा (नगर आयुक्त), श्री मनोज कुमार कत्याल (पुलिस अधीक्षक, हल्द्वानी), श्री जी.एस. चौहान (नगर मजिस्ट्रेट), मेजर जनरल इन्द्रजीत सिंह बोरा (वीएसएम), सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, गौरव सेनानियों एवं उनके आश्रितों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।








