बेतालघाट/नैनीताल।
जनपद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने रविवार, 14 दिसंबर 2025 को सुदूरवर्ती थाना बेतालघाट पहुंचकर “जन-संवाद” कार्यक्रम के माध्यम से आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही समाधान की दिशा तय की। इस पहल ने पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करते हुए भरोसे की नींव को और मजबूत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रांतीय व्यापार मंडल बेतालघाट द्वारा कुमाऊनी रीति-रिवाज से SSP नैनीताल का भव्य स्वागत किया गया। SSP ने बेतालघाट की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना करते हुए इसे प्रकृति का नायाब तोहफा बताया।

जन-संवाद के दौरान SSP नैनीताल के सरल, मित्रवत व्यवहार से प्रभावित होकर फरियादियों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। SSP ने हर शिकायत को गंभीरता से सुना और कई मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जन-संवाद में लिए गए प्रमुख निर्णय—
जुआ की शिकायत पर थानाध्यक्ष बेतालघाट को जुआ संचालकों एवं संरक्षकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश।
पुलिस चौकी एवं स्टाफ बढ़ाने के सुझाव पर एसपी क्राइम, एसपी दूरसंचार और सीओ भवाली को सर्वे कर रूपरेखा तैयार करने के निर्देश; फिलहाल देखरेख चौकी तथा भविष्य में स्थायी चौकी का आश्वासन।

फायर स्टेशन की मांग पर थाने के पास भूमि चिन्हित कर मिनी फायर स्टेशन का प्रस्ताव भेजने के निर्देश।
स्कूली बच्चों व वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल आने-जाने के समय (प्रातः 08–10 व सायं 03–05) भारी वाहनों/डंपरों के बाजार में प्रवेश पर प्रतिबंध।
नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध सीज की कार्रवाई के निर्देश, साथ ही आमजन से ऐसे वाहनों की फोटो भेजने की अपील।

SSP नैनीताल ने स्पष्ट कहा कि अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण ही प्राथमिकता है। पीड़ितों को न्याय दिलाना नैनीताल पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
थाना निरीक्षण व कर्मचारियों का सम्मेलन
जन-संवाद के बाद SSP ने थाना बेतालघाट का निरीक्षण किया। थाना कार्यालय, CCTNS कक्ष व भोजनालय का भ्रमण कर कमियों को सुधारने के निर्देश दिए। इसके बाद कर्मचारियों का सम्मेलन लेकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।

बाजार भ्रमण और लोकल फॉर वोकल
भ्रमण के दौरान SSP ने बेतालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। स्थानीय बाजार का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। लोकल फॉर वोकल को बढ़ावा देते हुए उन्होंने मडुवा, ऑर्गेनिक मसाले सहित स्थानीय उत्पाद क्रय कर किसानों/काश्तकारों का मनोबल बढ़ाया।
कार्यक्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, एलआईयू, प्रतिसार निरीक्षक, थानाध्यक्ष बेतालघाट विजय नेगी, पीआरओ सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी, ग्राम प्रधान व बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
SSP नैनीताल की इस सक्रिय पहल ने यह संदेश स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस जनता के साथ खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।








