आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे स्टेशन काठगोदाम में मॉक ड्रिल का आयोजन हुआ।

इस मॉक ड्रिल में परिकल्पना के अनुसार आतंकवादियों द्वारा 03 लोगों को बंधक बनाए जाने की स्थिति को दर्शाया गया। जवाबी कार्रवाई में 02 आतंकवादी मारे गए, एक घायल और एक को जीवित पकड़ा गया।

देश के विभिन्न हिस्सों में हाल के विस्फोटों और राष्ट्रीय सुरक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए SSP NAINITAL डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में यह अभ्यास किया गया।

परिकल्पना के अनुसार, 05 दिसंबर 2025 को आसिफ नामक व्यक्ति ने जीआरपी काठगोदाम को सूचना दी कि प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर हथियारबंद लोगों ने फायरिंग कर दी है और दक्षिणी छोर की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कुमार कत्याल ने हाई अलर्ट घोषित कर तमाम इकाइयों को सक्रिय कर दिया।
क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार ने मौके पर कमान संभाली, क्षेत्र को सील कराया और सशस्त्र बलों के साथ पूरे स्टेशन की घेराबंदी कर दी। आतंकियों ने प्लेटफॉर्म नंबर 01 के दक्षिणी छोर के अंतिम वेटिंग रूम में 3 लोगों को बंधक बना लिया था।
इसके बाद आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने ऑपरेशन चलाकर दो आतंकियों को मार गिराया, एक को घायल किया और एक को जिंदा पकड़कर बंधकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
पूछताछ के दौरान पकड़े गए आतंकी ने बताया कि टिकट घर के बाहर गत्ते की पेटी में बम लगाया गया है। सूचना मिलते ही स्टेशन खाली कराया गया और बॉम्ब डिस्पोजल टीम ने चेकिंग कर स्थान को सुरक्षित घोषित किया।
दो मृत आतंकियों के शवों का पंचायतनामा भर पोस्टमार्टम कराया गया, घायल आतंकी को इलाज हेतु बेस अस्पताल भेजा गया और एक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह मॉक ड्रिल पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण तथा
डीएसपी हल्द्वानी अमित कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुई।
इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, अग्निशमन अधिकारी, आपदा प्रबंधन, आरपीएफ, बॉम्ब डिस्पोजल टीम, फायर विभाग, मेडिकल टीम, 108 एंबुलेंस, संचार टीम और जीआरपी काठगोदाम सहित सभी संबंधित इकाइयाँ मौजूद रहीं।







