जिला प्रशासन एसआईआर को लेकर प्रारम्भिक तैयारियों में जुटा — राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी, 05 दिसम्बर 2025 (सू.वि.)
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर एसआईआर से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की। इस दौरान प्रतिनिधियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।

जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि हर पात्र मतदाता को सूची में शामिल किया जा सके। उन्होंने बताया कि इससे पहले उत्तराखण्ड में वर्ष 2003 में एसआईआर का कार्य किया गया था।

उन्होंने संविधान व कानून के प्रावधानों का हवाला देते हुए बताया कि—
• अनुच्छेद 326 के अनुसार 18 वर्ष या अधिक आयु का प्रत्येक भारतीय नागरिक मतदाता सूची में पंजीकरण का हकदार है।
• नागरिकता अधिनियम 1955 की धारा-3 के आधार पर 1950 से 2004 के बीच जन्में व्यक्तियों को तीन श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है, जिनके आधार पर नागरिकता सिद्ध की जाएगी।

पात्रता प्रमाणित करने हेतु आवश्यक दस्तावेज
जिलाधिकारी ने बताया कि जिन लोगों का नाम 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उन्हें अपनी पात्रता सिद्ध करने के लिए आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इनमें सरकारी पहचान पत्र, पेंशन आदेश, जन्म प्रमाण-पत्र, पासपोर्ट, शैक्षिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, स्थायी निवास प्रमाण पत्र, भूमि/मकान आवंटन पत्र आदि शामिल हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार संख्या नागरिकता का प्रमाण नहीं है।

बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रत्येक बूथ के लिए राष्ट्रीय राजनीतिक दलों द्वारा बीएलए-1 और बीएलए-2 की नियुक्ति अनिवार्य है। बीएलए को अपने बूथ की मतदाता सूची की जांच कर मृत या स्थानांतरित मतदाताओं की प्रविष्टियों की पहचान करनी होगी।
अब तक भाजपा और कांग्रेस ने बीएलए-1 की नियुक्ति की है, जबकि भाजपा द्वारा 212 बीएलए-2 नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से 20 दिसंबर तक बीएलए की सूची उपलब्ध कराने की अपील की।

बूथ अवेयरनेस ग्रुप का गठन
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथ अवेयरनेस ग्रुप भी बनाया जा रहा है। इसमें बीएलओ सुपरवाइजर, बीएलओ, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, मनरेगा कार्मिक एवं राजनीतिक दलों के बीएलए सदस्य होंगे। यह समूह एसआईआर के दौरान क्षेत्र में निगरानी एवं समन्वय का कार्य करेगा।

बैठक में कांग्रेस से सुहेल अहमद सिद्दीकी, राहुल छिमवाल, गोविन्द बिष्ट, भाजपा से प्रकाश पटवाल, रंजन सिंह बर्गली, दिनेश चन्द्र खुल्बे, बीएसपी से आसिफ हुसैन, कृष्ण चन्द्र सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment