UOU का बड़ा रिकॉर्ड! मात्र 17 दिन में परीक्षा परिणाम जारी | Haldwani News

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय की बड़ी उपलब्धि, 17 दिन में जारी किया परीक्षा परिणाम; प्रवेश में 4.05% की बढ़ोतरी

हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय ने परीक्षा परिणाम जल्द जारी करने और विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के मामले में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। जुलाई 2026 सत्र की परीक्षाओं के बाद विश्वविद्यालय ने मात्र 17 दिनों में परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। वहीं, विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या बढ़कर 48,444 पहुंच गई है।

शनिवार को कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी की अध्यक्षता में आयोजित प्रेसवार्ता में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रवेश प्रक्रिया, पर्यावरण संरक्षण और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई।

विश्वविद्यालय के अनुसार, जुलाई सत्र की परीक्षाएं 20 जुलाई से 27 अगस्त तक 80 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गईं। इसके बाद केंद्रीय मूल्यांकन की प्रक्रिया 13 सितंबर तक पूरी कर ली गई। मूल्यांकन कार्य में देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के लगभग 300 शिक्षकों ने सहयोग किया।

प्रवेश में 1,886 विद्यार्थियों की बढ़ोतरी

विश्वविद्यालय के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2025 सत्र में कुल 46,558 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था, जबकि जुलाई 2026 सत्र में यह संख्या बढ़कर 48,444 हो गई। इस तरह कुल प्रवेश में 1,886 विद्यार्थियों की वृद्धि दर्ज की गई, जो लगभग 4.05 प्रतिशत है। नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या भी 19,277 से बढ़कर 19,757 हो गई है।

विश्वविद्यालय ने अपनी पहुंच का विस्तार करते हुए नेपाल के विद्यार्थियों के लिए भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की है। इससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक पहुंच को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पर्यावरण संरक्षण और आगामी कार्यक्रम

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विश्वविद्यालय परिसर में ईज़ी चार्ज के सहयोग से ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसके साथ ही हरेला पर्व के अवसर पर पौधरोपण भी किया गया।

विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, असाइनमेंट, परीक्षा प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए 18 अक्टूबर को हल्द्वानी स्थित मॉडल अध्ययन केंद्र में दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। वहीं, विश्वविद्यालय का 21वां स्थापना दिवस 31 अक्टूबर को मनाया जाना प्रस्तावित है। विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह 18 नवंबर को आयोजित होगा।

प्रेसवार्ता में कुलसचिव खेमराज भट्ट, वित्त नियंत्रक सूर्यप्रताप सिंह, निदेशक सीका प्रो. गिरिजा प्रसाद पाण्डेय, निदेशक क्षेत्रीय सेवाएं प्रो. एमएम जोशी, प्रभारी परीक्षा नियंत्रक प्रो. आशुतोष भट्ट और प्रभारी प्रवेश डॉ. सुमित कुमार सहित विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

रॉयल न्यूज़ उत्तराखंड को फॉलो करना ना भूलें।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई