₹10 हजार का इनामी लुटेरा ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार, रामनगर पुलिस व SOG की बड़ी सफलता

रामनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस और एसओजी नैनीताल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ₹10,000 के इनामी लुटेरे को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 29 अप्रैल 2026 को रामनगर के हाथीडगर क्षेत्र में साहिल और उसके साथियों ने स्कूटी से जा रहे सुरजीत सिंह निवासी तुमड़िया डाम द्वितीय, मालधन चौड़ का पीछा कर उनका वाहन रोक लिया था। आरोपियों ने तमंचे की नोक पर जान से मारने की धमकी देकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 128/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस पहले ही लूट के माल सहित गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि मुख्य आरोपी साहिल लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी नैनीताल ने उस पर ₹10,000 का इनाम घोषित किया था।

पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी का पता लगाया। इसके बाद 29 जून 2026 को ग्रेटर नोएडा से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी:
साहिल (26 वर्ष), पुत्र बहादुर, निवासी मालधन नंबर-04, रामनगर, जनपद नैनीताल।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी एसओजी मोहन सिंह सौन, उपनिरीक्षक बीरेन्द्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल कुंदन सिंह कठायत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक रौतेला तथा कांस्टेबल अनिल गिरी शामिल रहे।






