परिवर्तन संकल्प सम्मेलन से कांग्रेस ने किया चुनावी शंखनाद, सत्ता परिवर्तन का लिया संकल्प

हल्द्वानी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत कांग्रेस ने सोमवार को राजपुरा में ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ आयोजित कर चुनावी अभियान का आगाज़ किया। सम्मेलन में पार्टी नेताओं ने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प लेते हुए महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के जिला प्रभारी करन माहरा ने कहा कि उत्तराखंड आज बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं जैसी गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध, कानून-व्यवस्था की स्थिति और खनन व भूमि माफिया की सक्रियता से जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में परिवर्तन संकल्प अभियान शुरू किया है, जिसके तहत चारों दिशाओं से परिवर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं।

राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि कांग्रेस का परिवर्तन संकल्प अभियान केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता की आवाज़ को मजबूती देने का जनआंदोलन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर कांग्रेस की नीतियों और सरकार की विफलताओं को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने सम्मेलन में उमड़ी भीड़ को बदलाव की इच्छा का संकेत बताते हुए कहा कि कांग्रेस शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी। उन्होंने राजपुरा क्षेत्र में प्रशासन द्वारा लगाए गए लाल निशानों और कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए कहा कि क्षेत्र के लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान किया गया। साथ ही युवाओं में बढ़ते नशे पर चिंता व्यक्त करते हुए इसके खिलाफ जनजागरण अभियान चलाने की बात कही।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद बिष्ट ने कहा कि हल्द्वानी की जनता परिवर्तन के पक्ष में अपना स्पष्ट संदेश दे चुकी है और कांग्रेस संगठन पूरी मजबूती के साथ जनता के बीच संघर्ष जारी रखेगा।

राजपुरा क्षेत्र की पार्षद प्रीति आर्य एवं पार्षद एडवोकेट धर्मवीर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजपुरा की जनता परिवर्तन की इस मुहिम में कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़ी है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मलय बिष्ट ने किया, जबकि वरिष्ठ समाजसेवी गोविंद बिष्ट ने राजपुरा क्षेत्रवासियों की ओर से अतिथियों का फूलमालाओं से स्वागत किया।

इस अवसर जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, हेमंत बगड़वाल, भोला दत्त भट्ट, सुहैल सिद्दीकी, विशाल भोजक, इंद्र पाल आर्य, राधा आर्य, कौशलेंद्र भट्ट, संजू पाना, प्रदीप नेगी, राजेंद्र बिष्ट, हेमंत साहू, विनोद कुमार, त्रिलोक बनोली, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष इंजीनियर सुमित कुमार, विधायक प्रतिनिधि जीवन कार्की, सतनाम सिंह, पार्षद मोना शर्मा, रवि जोशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।






