एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने 6 सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों को दी भावभीनी विदाई, बोले— ‘अब Retire नहीं, Rewire होने का समय’

हल्द्वानी। नैनीताल पुलिस में अपनी दीर्घ एवं सराहनीय सेवाएं पूर्ण करने वाले छह पुलिस कर्मियों को सोमवार को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने सभी सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शॉल, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों के परिजनों और सहकर्मियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं। वहीं विदाई ले रहे कर्मियों ने भी अपने लंबे सेवाकाल के अनुभव सुनाए, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावुक हो गया।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने प्रेरक संदेश देते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत है। उन्होंने कहा, “अब जीवन में Retire नहीं, बल्कि Rewire होने का समय है। विभागीय जिम्मेदारियों के कारण जो सपने और रुचियां अधूरी रह गईं, अब उन्हें पूरा करें। अपने पैशन को फॉलो करें, स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, परिवार के साथ समय बिताएं और जीवन का आनंद लें।”

विदाई समारोह में कुल छह पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया, जिनमें उपनिरीक्षक दान सिंह मेहता, अपर उपनिरीक्षक चालक सतीश चंद्र पाठक, अपर उपनिरीक्षक जानकी डोबाल, अपर उपनिरीक्षक कृष्णा बिष्ट, फार्मासिस्ट पुष्कर राम लोहिया तथा अनुचर पूरन प्रसाद शामिल रहे। सभी ने लगभग तीन से चार दशक तक पुलिस विभाग में निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं।

समारोह में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान, प्रभारी महिला हेल्पलाइन सुनीता कुंवर सहित अन्य अधिकारी, पुलिसकर्मी और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन उपस्थित रहे। सभी ने सेवानिवृत्त कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।







