
हल्द्वानी। अंजुमन सिद्दिकियान कमेटी की ओर से रविवार को चोरगलिया रोड स्थित एक मैरिज हॉल में सीबीएसई एवं उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 60 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह का शुभारंभ कमेटी के सदर राशिद हुसैन सिद्दीकी एवं जनरल सेक्रेटरी उजेर फ़िरोज़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना कमेटी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है।

कार्यक्रम में इंटरमीडिएट के मेधावी छात्र-छात्राओं में युमना सिद्दीकी, अरीब सिद्दीकी और मोहम्मद अमान सहित अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि के रूप में जामा मस्जिद के इमाम मौलाना आजम कादरी एवं मस्जिद बंजरान के इमाम मौलाना अब्दुल बासिद मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर पूर्व दर्जा राज्य मंत्री मज़हर नईम नवाब, समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रभारी अब्दुल मतीन सिद्दीकी, सपा नेता शोएब अहमद एवं कांग्रेस नेता सुहैल सिद्दीकी ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें समाज और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

समारोह में बनभूलपुरा क्षेत्र के कॉमर्शियल पायलट बने आमिर आलम को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राशिद हुसैन सिद्दीकी, उजेर फ़िरोज़, मोहम्मद यूसुफ, सईद आदिल, शावेज़ सिद्दीकी, अख्तर नईम, इनायत हुसैन, इख्तेदार उल्लाह, इंतजार हुसैन, सलमान सिद्दीकी, रईस वारसी, अरकम सिद्दीकी, आवेस इशरत, कमरान कैफ़ी, फ़ैज़ सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे।






