कैंची धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 हजार श्रद्धालुओं ने किए बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील, स्थानीय लोगों और होटल बुकिंग धारकों को आवागमन की अनुमति : एसएसपी


भवाली/नैनीताल, 14 जून। श्री कैंची धाम स्थापना दिवस एवं मेला-2026 के अवसर पर बाबा नीम करौली महाराज के दरबार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। रविवार को देर शाम तक लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने कैंची धाम पहुंचकर बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।


इस बीच सोशल मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा स्थानीय लोगों के आवागमन को लेकर भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाएं प्रसारित किए जाने की खबरें सामने आई हैं। इस पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि कैंची धाम, गरमपानी, हरतपा एवं आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय निवासी वैध पहचान पत्र दिखाकर निर्धारित व्यवस्था के तहत निर्बाध रूप से आवागमन कर सकते हैं।


एसएसपी ने बताया कि स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक रोक-टोक नहीं की जा रही है। वहीं कैंची धाम क्षेत्र के होटलों में जिन श्रद्धालुओं की कन्फर्म बुकिंग है, उनके वाहनों को भी सत्यापन के बाद आगे जाने की अनुमति दी जा रही है। इस संबंध में एसपी ट्रैफिक, सीओ ट्रैफिक, एसएचओ भवाली सहित सभी जोनल एवं सुपर जोनल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।


श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शटल सेवा लगातार संचालित की जा रही है और सभी शटल वाहन सुचारू रूप से चल रहे हैं। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्टिकर सिस्टम भी प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। निर्धारित स्टिकर लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति दी जा रही है, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी हुई है।


पुलिस प्रशासन के अनुसार मेला क्षेत्र में कहीं भी जाम की स्थिति नहीं है तथा यातायात पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। नैनीताल पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।


एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें तथा सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारियां साझा करने से बचें। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से पुलिस द्वारा जारी ट्रैफिक प्लान और दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है, ताकि सभी को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का लाभ मिल सके।

Leave a Comment