कैंचीधाम महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सेवा देने की अपील, टैक्सी चालकों से नियमों के पालन का आग्रह

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी,
कुमाऊं टैक्सी महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार भट्ट ने कैंचीधाम महोत्सव के दौरान टैक्सी चालक एवं वाहन स्वामी साथियों से श्रद्धालुओं और यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं सम्मानजनक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु कैंचीधाम पहुंचते हैं, ऐसे में परिवहन सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।


मनोज कुमार भट्ट ने सभी टैक्सी चालकों से परिवहन विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण रूप से पालन करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार किया जाए तथा निर्धारित यातायात नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए।


उन्होंने वाहन स्वामियों से वाहन की तकनीकी स्थिति, फर्स्ट एड बॉक्स एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच करने, निर्धारित किराया ही लेने तथा वाहन में स्वच्छता बनाए रखने का भी आग्रह किया। साथ ही वाहन में डस्टबिन या डस्टबैग रखने की सलाह दी।


महासंघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने कहा कि तेज गति, ओवरलोडिंग एवं लापरवाही से वाहन संचालन न किया जाए। नशे की हालत में वाहन चलाने, अनावश्यक हॉर्न बजाने तथा शटल मार्ग एवं निर्धारित पिकअप-ड्रॉप व्यवस्था का उल्लंघन करने से बचने की भी अपील की गई।


उन्होंने कहा कि टैक्सी चालकों का अच्छा व्यवहार, अनुशासन और सेवा भावना ही कुमाऊं की पहचान और सम्मान को बढ़ाएगी। सभी चालक मिलकर श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक और यादगार यात्रा का अनुभव प्रदान करें।


अंत में उन्होंने संदेश दिया कि “सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें” और सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई।

Leave a Comment