हल्द्वानी, 13 जून। उत्तराखंड की वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की पंचम पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर उनके पुत्र एवं सुमित हृदयेश ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश उनके लिए केवल मां ही नहीं, बल्कि राजनीतिक गुरु भी थीं। उन्होंने कहा कि जनसेवा, संघर्ष और जनता के प्रति समर्पण का जो मार्ग उन्हें अपनी मां से मिला, उसी पर चलना उनके जीवन का लक्ष्य है।

सुमित हृदयेश ने कहा कि स्व. इंदिरा हृदयेश ने अपना संपूर्ण जीवन उत्तराखंड और विशेष रूप से हल्द्वानी के विकास के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य आज भी जनता के दिलों में जीवित हैं और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।

श्रद्धांजलि सभा में सांसद अजय भट्ट, विधायक तिलकराज बेहड़, विधायक बंशीधर भगत, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश दुर्गापाल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, राजनीतिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

सभा का वातावरण भावुक एवं श्रद्धामय रहा। वक्ताओं ने स्व. डॉ. इंदिरा हृदयेश के व्यक्तित्व, कृतित्व और जनसेवा को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश की राजनीति में विकास और जनहित की एक अमिट छाप छोड़ी है। उपस्थित सभी लोगों ने उनके योगदान को नमन करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।







