
बेतालघाट/नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बुधवार को थाना बेतालघाट का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सलामी गार्द द्वारा एसएसपी को सलामी दी गई। सलामी गार्द कमांडर एवं पुलिस कर्मियों का टर्नआउट उच्च कोटि का पाए जाने पर एसएसपी ने गार्द को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, कार्यालय अभिलेख, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीएनएस कार्य, महिला हेल्प डेस्क, भोजनालय, बैरक एवं साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। एसएसपी ने अपराध रजिस्टर, हिस्ट्रीशीटर, लंबित विवेचनाएं, शिकायत पंजिका तथा बीट सूचना रजिस्टर का अवलोकन कर अभिलेखों को अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने थाना क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी कनेक्टिविटी की जानकारी लेते हुए संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शस्त्र खोलने एवं जोड़ने का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया। अभ्यास में हेड मोहर्रिर शेर सिंह एवं कांस्टेबल दीपक सिंह द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन किए जाने पर दोनों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

जिन कर्मचारियों को शस्त्र संचालन में अधिक समय लगा, उनके लिए पुलिस लाइन नैनीताल में तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश प्रतिसार निरीक्षक को दिए गए। एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान सजगता, जनता से विनम्र व्यवहार तथा त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स बनाए रखने पर जोर दिया।

महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए महिलाओं से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर अपराधों की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए आमजन को जागरूक करने तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी बल दिया गया।








