
राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में बाल विकास परियोजना हल्द्वानी ग्रामीण द्वारा डी0ए0वी0 पब्लिक स्कूल में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य डॉ. छवि कांडपाल रहीं।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में चिकित्सा विभाग से मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ. ऊषा जंगपांगी, महिला हेल्पलाइन नैनीताल की हेड सब इंस्पेक्टर सुनीता कुंवर तथा नेशनल वॉलीबॉल खिलाड़ी हिमानी मटियानी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात सभी अतिथियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं ने महिलाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर पोस्टर प्रदर्शनी लगाई और महिला सुरक्षा, महिला समानता, बाल विवाह, मातृ स्वास्थ्य देखभाल तथा अवैतनिक श्रम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। सहभागिता के लिए सभी बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

इसके बाद राजनीति, खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं साइबर सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों से आए अतिथियों ने बालिकाओं के साथ संवाद किया। संवाद सत्र के दौरान बालिकाओं ने प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएँ साझा कीं, जिससे उन्हें अलग-अलग कार्यक्षेत्रों की व्यावहारिक जानकारी मिली।
जिला प्रोबेशन विभाग से ममता ने बालिकाओं को चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी दी, जबकि वन स्टॉप सेंटर से संगीता टाकुली ने बाल विवाह रोकथाम हेतु उठाए जाने वाले महत्वपूर्ण कदमों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में बाल विकास परियोजना अधिकारी शिल्पा जोशी, डी0ए0वी0 पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अमित जोशी, सुपरवाइज़र मीना गर्खाल, मनीषा आर्या एवं प्रियंका आर्या सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना और उन्हें हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।







