
नैनीताल | 26 जनवरी 2026
77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर नैनीताल पुलिस द्वारा डी.एस.ए. मैदान, मल्लीताल में भव्य एवं दिव्य रैतिक परेड का आयोजन किया गया। समारोह देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. (आईपीएस) द्वारा सुसज्जित सशस्त्र पुलिस परेड की सलामी लेकर की गई। इसके उपरांत जिलाधिकारी नैनीताल श्री ललित मोहन रयाल (आईएएस) एवं आईजी कुमाऊं परिक्षेत्र श्रीमती रिधिम अग्रवाल (आईपीएस) ने भी परेड की सलामी ली।

मुख्य अतिथि कुमाऊं आयुक्त श्री दीपक रावत (आईएएस) के आगमन पर सशस्त्र पुलिस परेड द्वारा उन्हें सलामी दी गई तथा ध्वजारोहण के दौरान राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक सलामी अर्पित की गई।

मुख्य अतिथि ने एसएसपी नैनीताल एवं प्रथम परेड कमांडर श्री रविकांत सेमवाल, क्षेत्राधिकारी नैनीताल के साथ निरीक्षण वाहन से परेड का निरीक्षण किया।
तीन-तीन के कॉलम में सधे कदमों से गुजरती परेड ऐसी प्रतीत हो रही थी मानो तिरंगे के तीनों रंग मैदान में सजीव हो उठे हों। जवानों ने मंच के समक्ष गुजरते हुए गणतंत्र की रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में विधायक नैनीताल श्रीमती सरिता आर्या, कमांडिंग ऑफिसर केलखान श्री प्रदीप अधिकारी, सीडीओ श्री अरविंद पांडे सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
परेड में यातायात पुलिस, सशस्त्र पुलिस, नागरिक पुलिस, आईआरबी-1, महिला पुलिस, 31वीं वाहिनी पीएसी, अग्निशमन सेवा सहित चीता मोबाइल, सीपीयू, बम डिस्पोजल यूनिट, डॉग स्क्वाड, इंटरसेप्टर वाहन, फॉरेंसिक एवं दंगा नियंत्रण वाहन शामिल रहे।

31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर के पुलिस बैंड ने मनमोहक राष्ट्रीय धुनों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इसके उपरांत आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ग्राफिक एरा भीमताल, आर्डन पब्लिक स्कूल लामाचौड़, महिला डिग्री कॉलेज हल्द्वानी, एसकेएम पब्लिक स्कूल, सेंट एंथोनी कॉन्वेंट स्कूल ज्योलीकोट, कुमाऊं सांस्कृतिक कला उत्थान मंच खुर्पाताल सहित विभिन्न विद्यालयों व संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।

गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
➡️ श्री रविकांत सेमवाल को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर (विशिष्ट कार्य हेतु)
➡️ महिला आरक्षी श्रीमती मुन्नी देवी लोहनी को पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर (सेवा के आधार पर) प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त एसएसपी नैनीताल द्वारा 53 अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह का संचालन श्रीमती मीनाक्षी कीर्ति (लेक्चरर, राजकीय इंटर कॉलेज सूपी) एवं निरीक्षक श्री अमर चंद्र शर्मा द्वारा किया गया।
अंत में एसएसपी नैनीताल ने समस्त पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, आम जनता एवं मीडिया बंधुओं को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।







