
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने शनिवार को नैनीताल भ्रमण के दौरान जिले की प्रमुख परियोजना कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम–रातीघाट) सड़क मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से ली।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंचीधाम में बाबा नीम करोरी महाराज के दर्शन हेतु देश-विदेश से श्रद्धालु वर्षभर आते हैं। श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से इस बाईपास का निर्माण प्राथमिकता पर किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रस्तावित 18.15 किमी लंबे बाईपास में से 8 किमी मार्ग का निर्माण पू
र्ण कर हॉटमिक्स किया जा चुका है, जिस पर 12 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की गई है।
शेष 10.15 किमी मार्ग में पहाड़ कटिंग का कार्य 5.06 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 9.81 करोड़ रुपये से कलमठ, सुरक्षा दीवारें एवं अन्य निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी हैं।
इसके साथ ही रातीघाट स्थित अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने हेतु 74.15 मीटर स्पान मोटर पुल का निर्माण भी किया जा रहा है, जिसके लिए 9.63 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी यात्रा सीजन से पूर्व सभी निर्माण कार्य पूर्ण कर बाईपास को यातायात हेतु चालू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बन जाने से कैंचीधाम और पहाड़ी जिलों की ओर जाने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 9.99 करोड़ रुपये की लागत से नव-निर्मित भवाली बाईपास सड़क और इसी मार्ग पर शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इससे भवाली बाजार में लगने वाले जाम से निजात मिलेगी और पर्यटन सीजन में आवागमन सुगम होगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण में लगे मजदूरों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना। क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने बर्फबारी देखने आए पर्यटकों से भी संवाद किया। पर्यटकों ने क्षेत्र की सुंदरता और बेहतर व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







