
हल्द्वानी | 24 जनवरी 2026
बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा ललित आर्य महिला इंटर कॉलेज, हल्द्वानी में राष्ट्रीय बालिका दिवस 2026 के अवसर पर भव्य एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण लता जोशी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं केक काटकर किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत “Selfie with Daughter Digital Campaign” को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाते हुए सभी कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने सेक्टरों में मां-बेटी के साथ फोटो साझा कर बालिका सशक्तिकरण का संदेश दिया।
इसके साथ ही “Celebrate Contribution of Empowered Mothers” अभियान के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दो सफल उद्यमी महिलाओं—किरण जोशी (हल्दूपोखरा नायक) एवं गीता चुफाल (गौलापार)—को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित महिलाओं ने अपनी संघर्ष और सफलता की प्रेरक कहानियां बालिकाओं के साथ साझा कीं।

इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी किरण लता जोशी ने राष्ट्रीय बालिका दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह न करने तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में विभाग की सभी सुपरवाइजरों की गरिमामयी उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से बालिकाओं के अधिकार, शिक्षा एवं सशक्तिकरण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया।







