245 दुग्ध समितियों में चुनाव: मुकेश बोरा 12वीं बार निर्विरोध, गोविंद मेहता की तीसरी जीत; पूर्व चेयरमैन भरत नेगी पराजित

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। चुनाव में 238 समितियों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि सात समितियों में मतदान के जरिए पदाधिकारियों का चयन किया गया।

नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं।
वहीं दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से लगातार तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हासिल किया। इसके अलावा संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति और हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति के चुनाव में नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के चुनाव में जगदीश पंत ने उन्हें पराजित कर जीत दर्ज की। इस परिणाम को समिति के चुनावी समीकरणों में महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।

निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद विभिन्न दुग्ध समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं प्रबंध कमेटी सदस्यों के स्वागत और अभिनंदन का दौर जारी है। निर्विरोध निर्वाचन को दुग्ध उत्पादकों के बीच आपसी समन्वय, सहकारिता की भावना और संगठनात्मक एकजुटता का परिणाम बताया जा रहा है।

नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा, सहायक महिला डेयरी गीता ओझा, मीना रौतेला, रश्मि धामी, सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, प्रभारी रमेश आर्या, विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार, महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा, विजय चौहान एवं विमल कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं, विभिन्न जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।






