
हल्द्वानी, नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपद में अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्पा सेंटर में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार 11 जून 2026 की शाम स्पा सेंटरों एवं होटलों के सत्यापन अभियान के दौरान सीओ ऑपरेशन अमित कुमार के पर्यवेक्षण में AHTU प्रभारी उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर की टीम ने नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स के एम.जे. द लग्जरी स्पा सेंटर में छापेमारी की। इस स्पा सेंटर के संबंध में पूर्व में भी अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल चुकी थीं।

मुखबिर की सूचना पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई कार्रवाई के दौरान स्पा सेंटर के अंदर अनैतिक एवं आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। पुलिस ने मौके से 16 इस्तेमालशुदा कंडोम, चार सीलबंद कंडोम पैकेट, 4,320 रुपये नकद तथा दो एंट्री रजिस्टर बरामद किए।

छापेमारी के दौरान छह युवतियों को रेस्क्यू कर नियमानुसार काउंसलिंग के बाद वन स्टॉप सेंटर हल्द्वानी भेजा गया। वहीं एक महिला सहित तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल को भी मामले में नामजद किया है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में स्पा सेंटर का कर्मचारी नीरज सिंह, ग्राहक कार्तिकेय गुप्ता, मैनेजर पूनम तथा वॉचर अतुल ठाकुर शामिल हैं। सभी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 एवं 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता द्वारा की जा रही है तथा फरार आरोपी की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, हेड कांस्टेबल प्रहलाद रावत, महिला कांस्टेबल रेनू अधिकारी तथा कांस्टेबल गोविंद मेहरा शामिल रहे।






