
एमआईईटी कुमाऊँ में 5 एवं 6 मई 2026 को आयोजित दो दिवसीय वार्षिकोत्सव “उल्लास फेस्ट 2026” रंगारंग कार्यक्रमों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और छात्र प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन के साथ संपन्न हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, ऊर्जा और रचनात्मकता का अद्भुत संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के प्रबन्ध निदेशक डॉ. बी.एस. बिष्ट, मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, निदेशक डॉ. तरुण सक्सेना, एसीआईसी देवभूमि फाउंडेशन के सीईओ डॉ. कमल सिंह रावत सहित अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
उत्सव के पहले दिन आयोजित डीजे नाइट मुख्य आकर्षण रही, जहां डीजे मुनेका उर्फ निकिता सिंघल की प्रस्तुति पर छात्र देर शाम तक झूमते नजर आए। वहीं दूसरे दिन हरियाणवी कलाकार अजय हुड्डा एवं गायिका रूबा खान की लाइव प्रस्तुति ने माहौल को और भी रोमांचक बना दिया। उनके लोकप्रिय गीतों पर छात्रों ने जमकर उत्साह दिखाया।

फेस्ट के दौरान आयोजित फैशन शो में पारंपरिक और आधुनिक परिधानों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविध झलक देखने को मिली। टैलेंट हंट, रील मेकिंग, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्तराखण्ड की लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का विशेष रूप से मन मोह लिया।

इस अवसर पर संस्थान में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। क्रिकेट, वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल और रस्साकशी प्रतियोगिताओं में विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

संस्थान के विकास में विशेष योगदान देने वाले शिक्षकों एवं विभागाध्यक्षों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और स्टाफ की सक्रिय भागीदारी से पूरे परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

मुख्य अतिथि ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। “उल्लास फेस्ट 2026” ने एक बार फिर साबित कर दिया कि एमआईईटी कुमाऊँ शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के लिए भी निरंतर कार्य कर रहा है।








