वीकेंड पर हल्द्वानी-काठगोदाम में ट्रैफिक डायवर्जन लागू, भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी, 17 अप्रैल 2026।
वीकेंड के दौरान बढ़ती पर्यटक भीड़ को देखते हुए हल्द्वानी-काठगोदाम क्षेत्र में प्रशासन द्वारा विशेष यातायात/डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था 18 अप्रैल (शनिवार) और 19 अप्रैल (रविवार) को सुबह 06:00 बजे से रात 22:00 बजे तक प्रभावी रहेगी।


निर्धारित प्लान के अनुसार, सुबह 06:00 बजे से रात 22:00 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पर्वतीय क्षेत्रों से हल्द्वानी आने वाले भारी मालवाहक वाहनों को सुबह 06:00 बजे से रात 21:00 बजे तक जनपद सीमा पर ही रोका जाएगा। वहीं, जनपद के अंदर से आने वाले भारी वाहनों को नंबर 01 बैंड, भीमताल एचएमटी क्षेत्र, सलड़ी चौकी क्षेत्र, अमृतपुर मोड़ और मैगी प्वाइंट के आसपास निर्धारित स्थानों पर पार्क कराया जाएगा।


मैदानी क्षेत्रों से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को गौलापार स्थित पुराने आरटीओ फिटनेस सेंटर और खेड़ा चौकी के पास रोका जाएगा।

पर्यटक वाहनों के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं। बरेली रोड से आने वाले वाहन तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड होते हुए नारीमन तिराहा काठगोदाम के रास्ते जाएंगे। वहीं रुद्रपुर की ओर से आने वाले वाहन पंतनगर, लालकुआं होते हुए तीनपानी फ्लाईओवर से इसी मार्ग पर संचालित होंगे।


रामनगर, बाजपुर और कालाढूंगी की ओर से आने वाले वाहन कालाढूंगी-नैनीताल तिराहा से मंगोली मार्ग के जरिए अपने गंतव्य को जाएंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से लौटने वाले पर्यटक वाहन नारीमन तिराहा से गौलापार होकर आगे बढ़ेंगे।


विशेष रूप से रविवार, 19 अप्रैल को दोपहर 3:00 बजे से रात 9:00 बजे तक भवाली मस्जिद तिराहा और नैनीताल से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को नंबर 01 बैंड और रूसी बाईपास द्वितीय से डायवर्ट कर रूसी बाईपास प्रथम, मंगोली होते हुए कालाढूंगी मार्ग से भेजा जाएगा।

प्रशासन ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और यात्रा के दौरान सहयोग बनाए रखें, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

Leave a Comment