हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशन में चल रहे प्री एसआईआर (Special Intensive Revision) अभियान के तहत 59-हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान मतदाता सूचियों में दर्ज मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूचियों से मैपिंग का कार्य तेजी से जारी है।

प्रशासन के अनुसार अब तक औसतन 75 प्रतिशत मैपिंग का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
मैपिंग से छूटे हुए मतदाताओं की सुविधा के लिए निर्वाचन रजिस्ट्रेशन ऑफिसर/नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी द्वारा मतदान केंद्रवार शिविरों के आयोजन का रोस्टर जारी किया गया है। निर्धारित तिथियों और समय के अनुसार अलग-अलग मतदान केंद्रों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। सभी बीएलओ और सुपरवाइजरों को पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (BLA) एवं क्षेत्रीय पार्षदों से भी समन्वय स्थापित कर शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया है, ताकि मैपिंग से वंचित मतदाता इन कैंपों का लाभ उठा सकें। साथ ही बूथ स्तर पर गठित मतदाता जागरूकता समूह (बैग) को भी सक्रिय किया गया है।

शिविरों में हो रहे मैपिंग कार्य की निगरानी और जांच के लिए सहायक नगर आयुक्त, नायब तहसीलदार और तहसीलदार हल्द्वानी को अलग-अलग केंद्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी स्वयं भी लगातार शिविरों का निरीक्षण कर कार्य की समीक्षा करेंगे।
नगर मजिस्ट्रेट ने 59-हल्द्वानी विधानसभा के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अपने मतदान केंद्र पर आयोजित शिविर में अवश्य पहुंचें। साथ ही जब बीएलओ घर-घर सत्यापन के लिए जाएं तो उनका सहयोग करें और वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज अपना अथवा अपने परिजनों का विवरण उपलब्ध कराएं। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2003 में देश के किसी भी हिस्से में मतदाता के रूप में पंजीकृत विवरण मान्य होगा।

प्रशासन ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोजने के लिए उपलब्ध कराए गए लिंक का उपयोग करें, ताकि वे मतदाता सूची में दर्ज रहकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।







