कोटाबाग। शनिवार को कोटाबाग के डाक बंगला मैदान में भव्य होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में करीब 2500 महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे मैदान को रंगों और उल्लास से भर दिया।
कोटाबाग ब्लॉक के गैबुआ, पत्तापानी, बैलपोखरा, धमोला, पवलगढ़, दोहनिया, चांदपुर, आंवलाकोट, दे गांव, मूसाबगर और नयागांव सहित विभिन्न गांवों की महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुईं। लोकगायिका माया उपाध्याय के लोकप्रिय गीतों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और होली के रंगों में सराबोर नजर आईं।

कार्यक्रम में गजराज सिंह बिष्ट (महापौर, हल्द्वानी) मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने सभी महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का पर्व है, जिसे पूरे उत्साह और सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कोटाबाग को नैनीताल जिले का सबसे सुंदर गांव बताते हुए क्षेत्रवासियों की सराहना की।

मंच पर कोटाबाग मुख्य बाजार एवं ग्राम सभा पांडेगांव की महिलाओं ने पारंपरिक पहाड़ी होली की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में चंपा छिमवाल, अपूर्व बिष्ट, दीपा ढोडियाल, गीता तिवारी, प्रभा पांडे, प्रेम देवी, भारती बिष्ट, रिया बिष्ट, देवेंद्र ढोढियाल, मदन बजावल और चंद्र शेखर बुडलाकोटी सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

होली मिलन समारोह ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का संदेश दिया।







