हल्द्वानी-काठगोदाम में 10 ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ शुरू: महापौर गजराज बिष्ट ने भगवानपुर, दमुवाढुंगा सहित कई वार्डों में किया शुभारंभ

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

दिनांक 25 फरवरी, 2026/हल्द्वानी-काठगोदाम।

आज नगर निगम क्षेत्रांतर्गत भगवानपुर, दमुवाढुंगा, नारायण नगर बिठौरिया और गोकुल नगरी कुसुमखेड़ा में महापौर गजराज बिष्ट ने अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” का शुभारंभ किया।
महापौर गजराज ने बताया कि हल्द्वानी-काठगोदाम में 10 आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले जा रहे है। जिनमें प्रशिक्षित एमबीबीएस चिकित्सकों की टीम द्वारा केंद्र पर प्रतिदिन सामान्य रोगों की जांच, परामर्श एवं उपचार की सुविधाएँ निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएँगी। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयाँ, गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, वरिष्ठ नागरिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच तथा एनसीडी (हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप एवं कैंसर) की प्राथमिक जांच एवं परामर्श की सुविधाएँ भी प्रदान की जाएँगी। इन सभी सेवाओं के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह केंद्र राज्य एवं निकाय सरकार की संयुक्त पहल के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ये केंद्र विशेष रूप से उन क्षेत्रों में स्थापित किए जा रहे हैं, जहाँ गरीब, निर्धन एवं श्रमिक वर्ग के लोग निवास करते हैं, जिन्हें पूर्व में दूरी अथवा आर्थिक कारणों से अस्पतालों तक पहुँचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब इन केंद्रों के माध्यम से उनके घर के समीप ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य असमानता कम होगी तथा समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह केंद्र हल्द्वानी जैसे उभरते नगर की बड़ी आबादी के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। यहाँ नागरिकों को उपचार के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता, पौष्टिक आहार, स्वच्छता एवं निवारक उपायों की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नगर निगम द्वारा केंद्र के सुचारु संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएँगी।

कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि डॉ. अशोक चौहान ने जानकारी दी कि यह केंद्र प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित रहेगा। उन्होंने बताया कि केंद्र में डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड प्रणाली लागू की गई है, जिससे नागरिकों का स्वास्थ्य डेटा सुरक्षित रहेगा और भविष्य के उपचार में सहायक सिद्ध होगा। इसके साथ ही टेलीमेडिसिन के माध्यम से विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि सभी अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर्स को “आयुष्मान आरोग्य मंदिर” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ उपचार के साथ-साथ जनजागरूकता, निवारक स्वास्थ्य शिक्षा एवं सामुदायिक सहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि “स्वस्थ नगर, सुरक्षित नागरिक” का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी सेहत के प्रति जागरूक होकर नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच कराए।

इससे पूर्व में रामपुर रोड़ देवलचौड़ और गौजाजाली में भी दो केंद्र खोले जा चुके है।

इस अवसर पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा कंचन उप्रेती, स्थानीय पार्षद तनुजा जोशी, दीपक बिष्ट, सुरेंद्र मोहन नेगी, प्रमोद पंत, धीरज पाण्डेय, अरुण टम्टा, महेश जोशी, पूर्व सैनिक गोविंद बरती, सोबन भड़, अशोक चौहान, डाॅ मनोज काण्डपाल सहित सम्मानित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई