हल्द्वानी।
रामपुर रोड क्षेत्र के पर्वतीय मोहल्ला गली नंबर-11, फेस-2 में लंबे समय से बदहाल सड़कों और नालियों को लेकर क्षेत्रवासियों का गुस्सा आखिरकार सड़कों पर फूट पड़ा। समाजसेवी विशाल वर्मा एवं पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में नगर निगम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 के बाद से आज तक क्षेत्र में सड़क व नालियों का कोई निर्माण नहीं हुआ। बरसात के मौसम में नालियों का गंदा पानी घरों में घुस जाता है, जिससे गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो रही हैं। वहीं जर्जर सड़कों के कारण हर समय दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

अंजलि वर्मा ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज तक सड़क व नालियों के निर्माण के लिए कोई ठोस धनराशि स्वीकृत नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, सांसद अजय भट्ट, मेयर गजराज बिष्ट एवं पार्षद राजेंद्र अग्रवाल केवल चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, उसके बाद पांच वर्षों तक क्षेत्र की सुध नहीं लेते। क्षेत्रवासियों के लिए जनप्रतिनिधि सिर्फ “वोट बैंक” बनकर रह गए हैं।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए समाजसेवी विशाल वर्मा ने बताया कि इससे पहले भी पर्वतीय मोहल्ले के लिए उन्हें लंबे संघर्ष करने पड़े।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में 8 महीने के आंदोलन के बाद 37 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करवाई गई थी। इसके अलावा 7 दिसंबर 2024 को रामपुर रोड में पानी की टंकी पर चढ़कर आंदोलन किया, जिसके बाद 2025 में तीन वर्षों के संघर्ष के बाद 28 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई, तब जाकर सड़कों व नालियों का निर्माण कार्य पूरा हो पाया।
अंजलि वर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही पर्वतीय मोहल्ला फेस-2 की सड़कों व नालियों के लिए धनराशि स्वीकृत नहीं की गई और निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो मातृशक्ति, बुजुर्गों और बहनों के साथ मिलकर अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान क्षेत्रवासियों ने नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और जल्द समाधान की मांग की।







