महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों के खिलाफ महिला कांग्रेस का ऐलान, घर-घर जाकर चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

हल्द्वानी | 20 जनवरी 2026
स्वराज भवन (कांग्रेस कार्यालय) में उत्तराखण्ड महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी सुनीता गाँवड़े, सह-प्रभारी पूनम पंडित एवं प्रदेश अध्यक्षा ज्योति रौतेला की उपस्थिति में कुमाऊँ मण्डल महिला कांग्रेस की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

बैठक के दौरान प्रदेश में महिलाओं के साथ हो रहे शोषण और अत्याचारों पर गहरी चिंता जताई गई। साथ ही महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें जागरूक करने के लिए व्यापक आंदोलन चलाने पर मंथन हुआ।

प्रदेश प्रभारी सुनीता गाँवड़े ने कहा कि भाजपा सरकार केवल नारे देने तक सीमित रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि “बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ” जैसे नारे देने वाली सरकार के ही लोग महिलाओं के शोषण में शामिल पाए जा रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
सह-प्रभारी पूनम पंडित ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों को लेकर महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता अब चुप नहीं बैठेंगी। जरूरत पड़ी तो वे हर स्तर पर संघर्ष के लिए तैयार हैं।

प्रदेश अध्यक्षा ज्योति रौतेला ने चेतावनी देते हुए कहा कि महिला कांग्रेस पहले भी सरकार को आगाह कर चुकी है, लेकिन हालात नहीं बदले। यदि महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों पर जल्द रोक नहीं लगी तो महिला कांग्रेस सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
कार्यक्रम की आयोजक एवं नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा प्रभारी जया कर्नाटक ने कहा कि सरकार की उदासीनता को देखते हुए अब महिला कांग्रेस घर-घर जाकर महिलाओं को उनके अधिकारों और अत्याचारों के खिलाफ स्वयं लड़ने के लिए जागरूक करेगी।
इस दौरान जिलाध्यक्ष महिला कांग्रेस खष्टी बिष्ट ने अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि साढ़े तीन साल बीत जाने के बाद भी न्याय न मिलना सरकार की असफलता को दर्शाता है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सब समझ चुकी है और आने वाले चुनावों में इसका जवाब देगी।
बैठक का संचालन रानीखेत की जिलाध्यक्ष गीता पंवार ने किया। बैठक में कुमाऊँ मण्डल की विभिन्न जिलों से आई सैकड़ों महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
— रॉयल न्यूज़ उत्तराखण्ड







