ग्रामीणों का विश्वास जीतकर सामूहिक प्रयासों से ही वनाग्नि पर पाया जा सकता है नियंत्रण: जिलाधिकारी रयाल
भीमताल (नैनीताल) | 15 जनवरी 2026 (सूवि.)
आगामी वनाग्नि काल 2025-26 को लेकर जिला स्तरीय वनाग्नि सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को विकास भवन भीमताल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने की।

बैठक में वनाग्नि की रोकथाम के लिए तैयार कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने वनाग्नि नियंत्रण के लिए जनजागरूकता, जनसहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।

प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल द्वारा आगामी वनाग्नि काल के लिए जिले में तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी दी गई। इसमें वन क्षेत्रों में गश्त बढ़ाना, आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीमों का गठन, वन समितियों, महिला समूहों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने जैसे उपाय शामिल हैं।

जिलाधिकारी रयाल ने कहा कि वनाग्नि की रोकथाम के लिए स्थानीय ग्रामीणों का सहयोग और उनका विश्वास जीतना अत्यंत आवश्यक है। सामूहिक प्रयासों से ही वनाग्नि जैसी गंभीर समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि स्थानीय लोगों को शामिल करते हुए नियमित रूप से जागरूकता बैठकें और कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय वन समितियों, युवक एवं महिला मंगल दलों, आपदा मित्रों और महिला स्वयं सहायता समूहों को सक्रिय भूमिका में लाया जाए। पुरानी फायर लाइनों की सफाई और जहां आवश्यक हो नई फायर लाइनों का निर्माण वनाग्नि काल से पूर्व पूरा किया जाए। साथ ही कंट्रोल बर्निंग का कार्य 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में चीड़ के जंगलों से पिरूल एकत्रीकरण को लेकर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने इस कार्य को युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए और इसमें महिला स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा। जिला विकास अधिकारी को महिला समूहों की सूची शीघ्र वन विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि पिरूल के संग्रह के साथ उसका समयबद्ध उठान भी सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए विभिन्न स्थानों पर कॉम्पेक्टर लगाए जाएं, ताकि पिरूल के ब्लॉक तैयार कर मांग के अनुसार भेजे जा सकें। इससे महिला समूहों की आय में भी वृद्धि होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पिछले वर्ष वनाग्नि सुरक्षा और पिरूल संग्रह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला समूहों को प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें शीघ्र कॉम्पेक्टर उपलब्ध कराए जाएं।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल आकाश गंगवार, प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर ध्रुव मर्तोलिया, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।







