देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज शासकीय आवास में स्वर्गीय अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी एवं माता सोनी देवी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान अंकिता के माता-पिता ने पूरे प्रकरण से जुड़ी अपनी पीड़ा, भावनाएं और मंतव्य मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरी संवेदनशीलता के साथ उनकी बातों को सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी मामले में न्याय सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान करने तथा उनकी मांगों पर सकारात्मक और संवेदनशील कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार न्यायिक प्रक्रिया को पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ा रही है, ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।








