
रामनगर क्षेत्र के कॉर्बेट टाइगर रिजर्व अंतर्गत ढेला रेंज से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुरुवार दिनांक 02 जनवरी 2026 को सावल्दे पश्चिमी वन क्षेत्र में जंगल से लकड़ी लेने गई एक वृद्ध महिला पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान सुखिया देवी पत्नी चंदन सिंह, निवासी सावल्दे पश्चिमी, रामनगर, उम्र लगभग 65 वर्ष के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना लगभग दोपहर 1:30 बजे की है। महिला रोज़मर्रा की तरह जंगल में लकड़ी बीनने गई थी, तभी अचानक बाघ ने उस पर हमला कर दिया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद वन विभाग और पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उनके नेतृत्व में पुलिस एवं वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें काफी मशक्कत के बाद महिला का शव बरामद किया गया।

घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने वन विभाग के प्रति नाराजगी जाहिर की। हालात को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने स्वयं ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत कराया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम हेतु रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय, रामनगर भेजा गया।

मौके पर मुख्य वन संरक्षक श्री साकेत बडोला, सहायक निदेशक श्री राहुल मिश्रा, सीओ रामनगर श्री सुमित पांडे, एसडीओ श्री अमित ग्वासिकोटी, प्रभारी निरीक्षक रामनगर श्री सुशील कुमार, प्रभारी निरीक्षक कालाढूंगी श्री अरुण कुमार सैनी सहित रामनगर व कालाढूंगी पुलिस तथा ढेला रेंज वन विभाग की टीमें मौजूद रहीं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग द्वारा ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील की गई है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया गया है।







