गौलापार में नए साल के पहले दिन दर्दनाक सड़क हादसा, कार–पिकअप की टक्कर में युवक की मौत 🚨

Picture of Royal News Uttarakhand

Royal News Uttarakhand

FOLLOW US:

SHARE:

हल्द्वानी। नए साल का जश्न गौलापार क्षेत्र में उस समय मातम में बदल गया, जब देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोलापार हाईवे पर हुआ, जहां कार और सफेद रंग की पिकअप के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई।

मृतक की पहचान बरेली जिले के बहेड़ी निवासी रिज़वान के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और पेशे से राइस मिलर बताया जा रहा है। रिज़वान अपने चार दोस्तों के साथ नए साल के मौके पर घूमने और खाना खाने हल्द्वानी आया था। लौटते समय उनकी कार संख्या UP25 EM 9391 की सामने से आ रही सफेद रंग की पिकअप संख्या UK04 CC 2905 से टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलापार हाईवे पर बने अव्यवस्थित और खतरनाक कट हादसे की बड़ी वजह बने। तेज रफ्तार में आ रही पिकअप अचानक सामने आ गई, जिससे दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। राह से गुजर रहे एक थार वाहन चालक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने रिज़वान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार पिकअप चालक की तलाश तेज कर दी गई है। घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गोलापार हाईवे पर लंबे समय से अवैध और खतरनाक कट बने हुए हैं, जिनकी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने मांग की है कि ऐसे जानलेवा कटों को तुरंत बंद किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को अपने लाल को न खोना पड़े।

⚠️ सड़क पर ज़रा-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है — सावधानी ही सुरक्षा है।

Leave a Comment